संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। हिमाचल प्रदेश टीम के लिए प्रथम सीनियर हैमरबाल अंतरराष्ट्रीय टीम में सहभागिता के लिए आयोजित पहला ट्रायल रविवार को डुमखर खेल मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हैमरबाल एसोसिएशन हिमाचल के तत्वावधान में आयोजित इस ट्रायल में खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस, खेल कौशल, तकनीक और टीम भावना का आकलन किया गया। चयन समिति ने निष्पक्ष तरीके से खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। ट्रायल में नितिन, मनीष कुमार, भाग सिंह और अक्षव कटोच सहित कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। हैमरबाल एसोसिएशन हिमाचल के पदाधिकारियों ने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत आगामी दिनों में और भी ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश की सीनियर हैमरबॉल टीम का अंतिम चयन किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।