फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: ब्लॉक समिति गगरेट की पहली बैठक रही बेनतीजा, नहीं पहुंचा कोई सदस्य

Fri, 26 Jun 2026 12:27 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
गगरेट (ऊना)। विकास खंड गगरेट में पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर वीरवार को बुलाई गई पहली बैठक पूरी तरह बेनतीजा रही। निर्धारित समय सुबह 11 बजे बैठक शुरू होनी थी लेकिन पंचायत समिति का एक भी निर्वाचित सदस्य बैठक में नहीं पहुंचा। प्रशासन ने सदस्यों के आने का दोपहर एक बजे तक इंतजार किया लेकिन कोई भी सदस्य उपस्थित न होने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम ने की। चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं लेकिन सदस्यों की गैर मौजूदगी के चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी। इसके बाद प्रशासन ने अगली बैठक एक जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया है। एसडीएम सोमिल गौतम ने बताया कि निर्धारित समय तक किसी भी पंचायत समिति सदस्य के उपस्थित न होने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। अब पंचायत समिति की अगली बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया पहली जुलाई को आयोजित की जाएगी। अब सभी की निगाहें एक जुलाई को होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों और समर्थित सदस्यों के बीच बैठकों और रणनीति बनाने का दौर तेज होगा। यदि अगली बैठक में सभी सदस्य पहुंचते हैं तो पंचायत समिति गगरेट को अपना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिल सकता है। गौरतलब है कि विकास खंड गगरेट में कुल 20 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होकर आए हैं। इनमें सहमति बनाना राजनीतिक दलों के लिए और भी बड़ी चुनौती माना जा रहा है। अधिकांश विजयी सदस्यों ने स्वयं को भाजपा समर्थित बताया। इसके चलते माना जा रहा है कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का कब्जा होगा। पंचायत समिति का अध्यक्ष पद इस बार अनारक्षित है। ऐसे में विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों से निर्वाचित कई सदस्य अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं। हालांकि बैठक में किसी भी सदस्य के उपस्थित न होने से राजनीतिक समीकरणों को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें