अंब (ऊना)। निकटवर्ती भैरा गांव में शुक्रवार देर रात भीषण अग्निकांड में टीनपोश चाय की दुकान जलकर राख हो गई। घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
शुक्रवार देर रात को अग्निकांड की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात भैरा गांव के राज कुमार पुत्र जय कुमार की चाय की टीनपोश दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से आग की लपटें उठती देख गांव के लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग के कर्मियों को दी।
आग लगने से दुकान में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। इससे पीड़ित राज कुमार निवासी गांव भैरा जिला ऊना को करीब एक लाख का नुकसान होने का अनुमान है। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और साथ लगती दुकानों को बचाया। डीएसपी मनोज जंवाल का कहना है कि दुकान में आग लगने से पीड़ित को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।