बरनोह में अग्निकांड के दौरान सामान बाहर निकालते हुए।
- फोटो : Una
ऊना। निकटवर्ती बरनोह गांव में रविवार सुबह रिहायशी मकान में आग लग गई। मकान में लगी आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग की घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि मकान में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बरनोह गांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों ने आग की घटना की सूचना अग्निशमन केंद्र को दी। मौके पर पहुंची ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। मकान में आग लगने से बेड, टीवी, कुर्सियां और मकान में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। लोगों की मदद से सामान को घर से बाहर भी निकाला गया। अग्निशमन केंद्र प्रभारी नितिन धीमान का कहना है कि आग की घटना में पीड़ित उर्मिला देवी को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। टीम की मुस्तैदी से करीब दो लाख 50 हजार रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया।
पीड़ित परिवार को दी राशन किट
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा ने बरनोह पंचायत की उर्मिला देवी के घर में लगी आग की घटना में हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मिले। विवेक ने कहा कि उर्मिला के पति विकलांग हैं। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने अपनी तरफ से उर्मिला देवी के परिवार को राशन की किट दी और परिवार को उचित मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सचिव सुरेश दत्त, राम सिंह पंकज बैंस, अजय कुमार, पंचायत प्रधान बक्शीश सिंह और अन्य मौजूद रहे।