हरीनगर जंगल में लगी हुई आग।स्रोत स्वयं
डीएफओ ऊना ने मौके पर संभाला मोर्चा
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के हरीनगर जंगल में फिर आगजनी की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ ऊना सुशील राणा मौके पर पहुंचे और खुरवाई रेंज ऑफिसर संदीप राणा के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। जंगल की घनी झाड़ियों और दुर्गम भू-भाग के बावजूद अधिकारियों ने स्थानीय वन कर्मियों व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे डीएफओ सुशील राणा ने सख्त लहजे में कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। जो भी व्यक्ति जंगल को नुकसान पहुंचा रहा है, वह प्राकृतिक संपदा के साथ वन्य जीवों के जीवन को भी खतरे में डाल रहा है। विभाग आगजनी के आरोपियों की पहचान कर रहा है। पकड़े जाने पर दोषियों से जंगल को हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी और दो वर्ष तक की सजा भी दी जाएगी।संवाद