गगरेट (ऊना)। थाना गगरेट के अंतर्गत एक विवाहिता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार निवासी गांव घीण तहसील बड़ोह जिला कांगड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बहन अंजना कुमारी की शादी 23 वर्ष पूर्व यशपाल निवासी जाड़ला कोईड़ी तहसील घनारी जिला ऊना के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से अंजना को उसके पति, सास और ननद द्वारा मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि उसे रसोई में खाना बनाने तक नहीं दिया जाता था और एक कमरे तक सीमित रखा जाता था। साथ ही मायके से पैसे लाने का दबाव भी बनाया जाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार तीन मई की शाम अंजना ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया था कि अलमारी से 50 हजार रुपये गायब होने के बाद ससुराल पक्ष ने उसके साथ झगड़ा किया और जान से मारने की धमकियां दीं। उसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अंजना मानसिक रूप से काफी परेशान थी और उसने आत्महत्या तक की बात कही थी। पुलिस ने इस मामले में यशपाल, किरण, अरमान और राणो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई राजिन्द्र पाल कर रहे हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।