बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत धुसाड़ा की प्रधान नीरू बाला ने सोशल मीडिया पर उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए थाना अंब में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। प्रधान नीरू बाला ने शिकायत में कहा कि आपदा के समय जब सभी लोग एकजुट होकर राहत कार्यों में जुटे हैं, उसी दौरान कुछ लोग अफवाहें फैलाकर उनकी साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में उनके खिलाफ भ्रामक बातें फैलाई गईं और पंचायत कार्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। प्रधान ने बताया कि इस तरह की अफवाहों से उनका स्वाभिमान आहत हुआ है। आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस विषय पर संबंधित व्यक्ति से मोबाइल पर बात करनी चाही तो उसने असहयोगपूर्ण व्यवहार किया और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। गांव के कई ग्रामीणों ने भी प्रधान का समर्थन किया है। ग्रामीणों का कहना है कि आपदा जैसी घड़ी में राजनीति या व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए अफवाहें फैलाना बेहद अनुचित है। जनप्रतिनिधि हमारी पंचायत के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। ऐसे में अफवाहें फैलाना न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरी पंचायत के लिए नुकसानदेह है। थाना अंब प्रभारी अनिल उपाध्याय का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है।