नाबालिग बच्ची की दादी की शिकायत पर मामला दर्ज, शराब का आदी बताया जा रहा आरोपी
पीड़िता को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करवाने के बाद जांच में जुटी पुलिस
जिला बाल सरंक्षण अधिकारी अपनी टीम संग सोमवार को करेंगे गांव का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/दौलतपुर चौक (ऊना)। जिले में गगरेट क्षेत्र के एक पिता पर अपनी ही 10 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस हृदयविदारक मामले में शिकायत मिलने के तुरंत बाद महिला पुलिस थाना ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग बेटी से कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
महिला पुलिस थाना ने नाबालिग की दादी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद महिला पुलिस थाना ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।
प्रारंभिक जांच में आरोपी को शराब पीने का आदी बताया जा रहा है और उस पर परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप भी हैं। हालांकि, इन पहलुओं को लेकर पुलिस जांच जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए शिकायत को महिला पुलिस थाना ऊना को सौंपा है। इसके बाद, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया और पीड़िता को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करवाई गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है, जो रिश्तों की पवित्रता पर प्रश्नचिन्ह लगाती है। । जिला बाल सरंक्षण अधिकारी ऊना कमलजीत सिंह ने बताया कि दुष्कर्म मामले में सोमवार को चार सदस्यों की टीम गांव का निरीक्षण करने जाएगी। मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जाएगी। नाबालिग बच्ची फिलहाल अपने स्वजनों के यहां है।