गुरदासपुर जिला के प्रभावित गांवों में पहुंचे जिले के 30 युवा किसान
किसानों ने खुद फसलों का नुकसान झेलने के बावजूद दिखाई दरियादिली
पंजाब के प्रभावित इलाकों में भेजी गई पंडोगा गांव से सात ट्रैक्टर ट्रॉली
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के किसानों और अन्य व्यवसायियों ने सराहनीय पहल करते हुए पंजाब के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए लाखों रुपये की राहत सामग्री जुटाई। यह सामग्री सात ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर बुधवार सुबह पांच बजे गुरदासपुर जिले के प्रभावित गांवों के लिए रवाना की गई। राहत कार्य में हरोली उपमंडल के पंडोगा क्षेत्र के करीब 30 लोग बुधवार दोपहर को गुरदासपुर पहुंचकर सक्रिय रूप से जुड़े। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्होंने राहत सामग्री उन इलाकों तक पहुंचाई, जहां इसकी सबसे अधिक आवश्यकता थी। किसान खुद प्राकृतिक आपदा से फसलें नष्ट होने के कारण लाखों का नुकसान झेल रहे हैं, फिर भी उन्होंने इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार पंडोगा गांव के युवा किसानों और व्यवसायियों ने राहत सामग्री भेजने की योजना बनाई थी। मंगलवार सुबह जैसे ही इस मुहिम की शुरुआत हुई, लोगों ने सहयोग देना शुरू कर दिया। युवाओं ने इस अभियान की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी राहत सामग्री लेकर पहुंचने लगे। शुरुआत में एक-दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सामग्री जुटने की उम्मीद थी, लेकिन सहयोग इतना व्यापक रहा कि मंगलवार शाम तक सात ट्रॉली भर गईं। इनमें तीन ट्रॉली में राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुएं थीं, जबकि चार ट्रॉली में पशुओं के लिए चारा भरा गया। राहत अभियान में गगरेट, कुठेड़ा जसवालां, बढेड़ा राजपूतां, पंजावर, दौलतपुर, ईसपुर, खड्ड, भदसाली, ललड़ी, टाहलीवाल और ऊना शहर के लोगों ने सहयोग किया। जिले से बाहर रह रहे लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से धनराशि भेजी, जिससे पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य की राहत सामग्री जुटाई गई। पंडोगा गांव के करीब 30 युवा और वरिष्ठजन राहत सामग्री लेकर प्रभावित इलाकों तक पहुंचे।
राहत टीम के सदस्य विपिन सैनी, भूपिंद्र सिंह, योगेश कुमार, अंकु सैनी, धर्मिंद्र सैनी, राहुल कुमार, विशाल कुमार, जसविंदर सिंह, गोगा और नीरज कुमार निज्जू ने बताया कि कई इलाकों में अभी तक कोई सहायता नहीं पहुंची है और वहां मदद की सख्त जरूरत है।