संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। बाबा बालक नाथ मंदिर अंदरौली में पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल और पंजाब के नामी पहलवानों ने भाग लेकर अपने कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में पंजाब के रज्जाक (मलेरकोटला) ने उत्कृष्ट दांव-पेच लगाते हुेेए खिताब अपने नाम किया। ऊना के राहुल उपविजेता रहे, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः इमरान और गौरव ने जगह बनाई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुटलैहड़ के पूर्व विधायक की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हैं, बल्कि प्राचीन परंपरा, भाईचारे और सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं। मुख्य अतिथि ने दंगल आयोजन समिति को 11,000 की प्रोत्साहन राशि भेंट की। दंगल के दौरान मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा और पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहीं।