प्रदेश में वितरित होने वाले बीज को किसानों ने किया था तैयार
कृषि विभाग के माध्यम से खरीद तो हुई लेकिन जारी नहीं हुई राशि
किसानों ने कहा, सरकार जल्द करे भुगतान, नहीं तो करेंगे प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेसी
ऊना। जिले के 100 से अधिक किसानों को गेहूं बिक्री का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। यह खेप मई में कृषि विभाग के माध्यम से बेची गई थी, लेकिन तीन माह बीत जाने के बावजूद किसानों की झोली खाली है। किसानों की कुल 2.22 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान लंबित है। भुगतान में हो रही देरी को लेकर किसानों ने रोष प्रकट करना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग हर वर्ष किसानों से गेहूं की फसल बीज उत्पादन के लिए तैयार करवाता है। इसके बाद विभाग खुद इस फसल की खरीद कर उसे प्रदेशभर में बीज के तौर पर उपलब्ध कराता है। इस बार खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद किसानों का भुगतान अटक गया है, जिससे वे मुश्किल में हैं। सबसे अधिक प्रभावित किसान अंब उपमंडल क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। क्षेत्र के किसान संदीप ठाकुर, सीता राम, महेश, बशीर मोहम्मद और विपिन हाकम ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी बकाया राशि का इंतजार कर रहे हैं। वे सिर्फ अपना हक मांग रहे हैं। यदि सरकार समय पर भुगतान करने में असमर्थ है तो ऐसी योजनाओं को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को फसल बेचना ज्यादा बेहतर है, क्योंकि वहां हाथोंहाथ भुगतान हो जाता है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो किसान बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में जिला कृषि विभाग के उपनिदेशक कुलभूषण धीमान ने बताया कि 101 किसानों को 2.22 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। इसके लिए प्रक्रिया जारी है और बुधवार तक सभी किसानों को राशि मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वे लगातार उच्च अधिकारियों के संपर्क में हैं।