गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट के तहत जाडला कोईड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को खेतों में कार्य करते समय करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील कुमार (42) पुत्र वेली राम निवासी वार्ड-5 जाडला कोईड़ी तहसील घनारी जिला ऊना अपने खेतों में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह 11केवी मुख्य विद्युत लाइन की अर्थ वायर को एक ओर हटाने का प्रयास कर रहे थे कि अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन व स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल में पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।