जनशताब्दी का किराया 200 रुपये, स्टेशन पहुंचने के लिए देने पड़ रहे एक हजार
हमीरपुर की तरफ से सुबह के समय बस की सुविधा न होने से यात्री हो रहे परेशान
सुबह 4:55 पर ऊना रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए चलती है ट्रेन
बस की सुविधा न होने से टैक्सी कर पहुंचना पड़ रहा स्टेशन तक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जनशताब्दी ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों को टैक्सी में 800 से 1000 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। हालांकि ऊना के दिल्ली तक का किराया 200 रुपये है। हमीरपुर की तरफ से सुबह के समय ऊना के लिए कोई बस सेवा न होने से यात्रियों को टैक्सी कर रेलवे स्टेशन पहुंचना पड़ रहा है। टैक्सी चालक सुबह के समय हमीरपुर, थाना कलां, लठियानी समेत अन्य जगहों से आने वाले यात्रियों से 800 से लेकर 1000 रुपये वसूल रहे हैं। ऐसे में दिल्ली पहुंचने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है। जनशताब्दी ट्रेन सुबह 4:55 बजे ऊना रेलवे स्टेशन से रवाना होती है। इसमें 200 रुपये किराया है। ऐसे में कई यात्री इसमें सफर करते हैं। लेकिन सुबह के समय बस सुविधा न होने से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
खास बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हमीरपुर जिले से हैं जबकि परिवहन विभाग का जिम्मा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के पास है। दोनों जिलों के लोगों के अनुसार कई बार मामले को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के पास रख चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसका खामियाजा यात्रियों को अतिरिक्त खर्च के रूप में उठाना पड़ रहा है। ऊना बस अड्डे से हमीरपुर बस अड्डे की दूरी करीब 77 किलोमीटर है। सैकड़ों पंचायतें हाईवे से सटी हैं। लोगों के अनुसार सुबह 3:30 बजे ऊना के लिए बस सुविधा हो तो ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। उधर, मामले को लेकर एचआरटीसी ऊना डिपो के डीडीएम सुरेश धीमान से संपर्क किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
केस-1
ट्रेन में दिल्ली जाने का टिकट सस्ता है, लेकिन सुबह बस न होने से टैक्सी कर ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचना पड़ता है। 800 से 1000 रुपये टैक्सी वाले वसूल कर लेते हैं। अगर बस सुविधा हो तो आधा खर्च ही लगेगा।
जगदीश सोहता , निवासी थाना कलां
केस- 2
मुझे ट्रेन से दिल्ली जाना था, लेकिन सुबह बस नहीं मिली। मजबूरी में टैक्सी लेनी पड़ी। कई बार सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है। सरकार को इस बारे में विशेष संज्ञान लेना चाहिए।
विशाल भारती शर्मा, बगाणा
केस-3
ट्रेन की सुविधा सही है लेकिन बस की सुविधा न होने से सुबह काफी परेशानी आती है। कई बार सुबह टैक्सी वाले भी फोन नहीं उठाते हैं। ऐसे में बेहद परेशानी आती है।
अशोक, निवासी धुंधला
कोट्स
उन्होंने समस्या को लेकर कई बार परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया, लेकिन अभी तक सुविधा नहीं मिल पाई है। यात्रियों की लगातार शिकायत रहती है, लेकिन सरकार उदासीन रवैया बनाए हुए है।
जोगिंद्र देव आर्य, पंचायत समिति सदस्य