घनारी (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में नकली नोट गिरोह छोटे दुकानदारों पर लगातार वार कर रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि जैसे ही मामले सामने आए, नए-नए पीड़ित भी सामने आने लगे, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से सक्रिय है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले दियोली के सब्जी विक्रेता अनिल कुमार और नंगल जरियालां के ओमप्रकाश को ठगों ने नकली 500 रुपये के नोट थमाकर उनकी दिनभर की मेहनत पर पानी फेर दिया। दोनों मामलों में एक ही सीरियल नंबर के नोट पाए गए, जिससे गिरोह के संगठित होने की आशंका गहरा गई थी। मामला यहीं नहीं थमा, खबर सामने आने के बाद दौलतपुर नगर पंचायत के समीप वेई गांव की एक महिला सब्जी विक्रेता भी सामने आई, जिसने बताया कि ठग सब्जी खरीदने के बहाने आए और चालाकी से नकली नोट थमाकर भाग गए। इसी कड़ी में ब्रह्मपुर गांव के एक अन्य मेहनतकश दुकानदार को भी ठगों ने निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार करीब दस दिन पहले नकली 500 रुपये का नोट देकर उसकी दिनभर की कमाई एक झटके में लूट ली गई।
मामलों की जांच में सामने आया है कि शुरुआती घटनाओं में जहां नकली नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे थे, वहीं बाद के मामलों में नंबर अलग पाए गए। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि क्षेत्र में एक से अधिक गिरोह सक्रिय हो सकते हैं या फिर एक ही गिरोह लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग तरीकों से वारदातों को अंजाम दे रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध वाहन का नंबर सामने आया लेकिन जांच के दौरान वह नंबर बाइक का निकला, जिससे गिरोह की चालाकी का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस अब क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए। लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है। छोटे व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द गिरोह को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस नकली नोट मामले की जांच में जुटी है। जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा जाएगा।