मैहतपुर सहित ऊना डाक मंडल में बुधवार को हुआ ट्रेनिंग सैशन। संवाद
डाक उपभोक्ताओं को करवानी होगी री-केवाईसी
मैहतपुर सहित ऊना डाक मंडल में हुआ प्रशिक्षण सत्र
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। डाक विभाग के उपभोक्ताओं को अब राशि जमा करवाने और उसकी निकासी के लिए बाउचर भरने की जरूरत नहीं होगी। भविष्य में उपभोक्ता मशीन में महज अंगूठा लगाकर ही अपनी पासबुक में राशि जमा और निकासी की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। बुधवार को डाक मंडल ऊना के तहत आते समस्त उप डाकघरों और शाखा डाकघरों के कर्मचारियों का प्रशिक्षण सत्र हुआ। इसमें विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को आधुनिक ढंग से किस प्रकार लागू किया जा रहा है और उपभोक्ताओं को क्या सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, इस पर चर्चा हुई। उपडाकघर मैहतपुर में संतोषगढ़, देहलां उप डाकघरों की शाखाओं के समस्त कर्मचारियों को नई आधुनिक योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। डाकघर के समस्त उपभोक्ताओं को उपडाकघरों में जाकर अपनी री केवाईसी करवाने के लिए कहा जाएगा, ताकि भविष्य में उन्हें अपने खातों में राशि जमा करवाने अथवा निकासी के लिए बार-बार वाउचर भरने से छुटकारा मिल सके। यह भी बताया गया कि 10 वर्ष की आयु तक की बच्चियों के लिए केंद्र सरकार सुकन्या समृद्धि योजना चला रही है। उसी प्रकार बेटों के लिए पीपीएफ अकाउंट काफी लाभप्रद होगा, इस तरह के खाते उपडाकघरों में खुलवाएं जा सकते हैं। ऊना डाक मंडल प्रमुख भूपिंदर सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए डाक विभाग में अनेक योजनाएं सरकार की ओर से चलाई जा रही हैं। इनका लाभ उपभोक्ता उठा रहे हैं। आने वाले समय में विभागीय कार्य को पेपर लेस करने की दिशा में कार्य चल रहा है। उपभोक्ताओं को भी राशि जमा करवाने तथा निकासी के समय बाउचर आदि बार-बार भरने से छुटकारा मिल सकेगा, और उपभोक्ता अगर री-केवाईसी करवाते हैं तो डिवाइस पर अंगूठे से ही राशि जमा और निकासी हो सकेगी।