उपमंडल स्तर के अधिकारी केंद्रों में जाकर लेंगे जानकारी,
बच्चों को स्वस्थ रखने की कड़ी में शुरू होगा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर नौनिहालों को दी जा रही सुविधाओं का महिला एवं बाल विकास विभाग आंकलन करेगा। इस आंकलन के आधार पर आगामी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर ही आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाओं को लेकर विभाग की तरफ से रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जिला में कुल 1364 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इनमें 38,181 बच्चे पंजीकृत हैं। इन केंद्रों में बच्चों को पौष्टिक आहार भी दिया जाता है। इन सभी सुविधाओं की जांच के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग केंद्रों में जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों से भी सुविधाओं से संबंधित फीडबैक लेगा। इस अभियान को जुलाई माह से शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी उपमंडल स्तर के अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इन सभी की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन से संबंधित समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जाएगी, ताकि केंद्रों में नौनिहालों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही केंद्रों में मिलने वाले राशन और अन्य सुविधाओं के बारे में रिपोर्ट तैयार होगी।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या बढ़ाने पर भी बल दिया जाएगा। वहीं, बच्चों में होने वाले आवश्यक टीकाकरण संबंधी भी पूरी जानकारी हासिल की जाएगी।
कोट्स :
आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाओं को लेकर केंद्रों में जाकर सुविधाओं का आंकलन किया जाएगा। इसके लिए उपमंडल स्तर के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
नरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊना