घनारी(ऊना)। शहीद स्मारक ऊना से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राष्ट्रीय दलित मानवाधिकार आयोग के राज्य महासचिव राज महे ने हिमाचल दिवस पर प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान के साथ गगरेट के विधायक राकेश कालिया द्वारा मंच पर किए दुर्व्यवहार पर गहरा रोष व्यक्त किया है। सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में राज महे ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे दलित समाज के वरिष्ठ नेता को प्रोटोकॉल का हवाला देकर रोकना न केवल प्रोटोकॉल का उल्लंघन है बल्कि यह सीधे तौर पर दलित समाज की आवाज को दबाने और अपमानित करने की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में वरिष्ठता का सम्मान होना चाहिए लेकिन इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि पद की गरिमा को सरेआम ठेस पहुंचाई जाए। हैरानी की बात यह है कि इस घटना के बाद हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह अभी तक मौन हैं। उन्होंने इस मामले का संज्ञान नहीं लिया है।