ऊना। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी ऊना के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जतिन लाल ने रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों से अधिक से अधिक लोगों को सोसाइटी से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि गरीबों और साधनहीन व्यक्तियों को सहारा देने में रेडक्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों आजीवन सदस्य के तौर पर सोसाइटी से जोड़ना आवश्यक है, ताकि जरूरतमंदों की अधिक सेवा की जा सके। जतिन लाल जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने युवाओं को नशे से बचाने और समग्र स्वास्थ्य एवं फिटनेस को लेकर व्यापक जन जागरूकता लाने पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने समाज के समग्र कल्याण और उत्थान के लिए ‘सामर्थ्य’ नामक एक नया प्रोजेक्ट आरंभ किया है, जिसे रेडक्रॉस के माध्यम से चलाया जाएगा। इसके लिए एक अलग बैंक खाता रखा गया है, जिसमें जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों समेत सभी लोगों से अंशदान और सहयोग अपेक्षित है। बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं सीपीओ संजय सांख्यान ने सोसायटी की गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। इस अवसर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा समेत कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, प्रेस क्लब ऊना के अध्यक्ष एवं पैट्रन रेड क्रॉस सुरेन्द्र शर्मा, पैट्रन रेड क्रॉस सुरेंद्र ठाकुर, राकेश कौशल, वरिन्द्र धर्माणी सहित अन्य मौजूद रहे।