ऊना क्षेत्र राज्यकर एवम आबकारी विभाग के अधिकारी बस में लेजा रहे सामान की जांच करते हुए।स्रोत व
विभाग ने आचार संहिता के दौरान 307 छापे मारे, चार टास्क फोर्स टीमें हैं सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना की ओर से आदर्श आचार संहिता के बीच सक्रिय भूमिका अदा की गई है। अभी तक आदर्श आचार संहिता के दौरान विभाग की ओर से आबकारी अधिनियम के तहत 307 छापे मारे गए हैं। जिला ऊना के भीतर विभिन्न स्थानों पर नाकों और आबकारी अधिनियम सहित जीएसटी अधिनियम के तहत अवहेलना पर विभाग की ओर से 2.91 करोड़ रुपये की कीमत की सामग्री जब्त की है। यहां शराब, बीयर, स्पिरिट आदि की 2,86,09,422 रुपये कीमत शामिल है, तो ई-वे बिल की जुर्माना राशि 7,60,902 रुपये वसूल की गई है।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना के उपायुक्त विनोद सिंह डोगरा ने बताया कि विभाग की ओर से जिला ऊना के भीतर विभिन्न स्थानों पर नाकों और आबकारी अधिनियम सहित जीएसटी अधिनियम के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इन अधिनियमों के तहत निगरानी के लिए विभाग की ओर से चार टास्क फोर्स टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा विभाग के सात नाकों पर भी चेकिंग की जा रही है। आचार संहिता के बीच 157885.65 बल्क लीटर देसी व अंग्रेजी शराब, बीयर व स्पिरिट जब्त की गई, जिसका कुल मूल्य 2,86,09,422 रुपये है। जीएसटी अधिनियम के तहत अप्रैल माह में 15815 ई-वे बिल चेक किए गए। इसमें 7,60,902 रुपये का कर और जुर्माना प्राप्त किया गया है। कर चोरी व शराब की अवैध बिक्री और तस्करी के संबंध में देने के लिए जानकारी के लिए विभाग के फोन नंबर 01975-226088 और ई-मेल डीसीएसटीई-ऊनाएचपी.जीओवी.इन पर संपर्क किया जा सकता है।