संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। समाज सेवा समिति की ओर से आयोजित वाद–विवाद, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में थानाकलां के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं में कुल आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया और सभी ने विभिन्न स्थान प्राप्त कर सराहनीय उपलब्धि हासिल की। वाद–विवाद प्रतियोगिता में अंजलि और दीया ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान, जबकि खुशी और अक्षिता शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में राधिका ने प्रथम और गरिमा शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। भाषण में अंजलि ने द्वितीय, और देवेंद्र योगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सह-प्रबंधक इंदु वाला, मुख्य अध्यापिका सीमा शर्मा, नरेश कुमार, ममता ठाकुर, तृप्ता ठाकुर, सोनिया संधू, समिति एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता प्रभारी सीमा निरंकारी ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को समाज सेवा समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।