दौलतपुर चौक महाविद्यालय में करवाई वाद-विवाद प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक के बीबीए विभाग की ओर से मंगलवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं एड-मैड शो का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. लीना शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बीबीए विभाग के समन्वयक डॉ. रमन चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और प्रेरणादायक शब्दों के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने सामाजिक, आर्थिक और समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, एड-मैड शो में बीबीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों ने रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन करते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का संचालन बीबीए फाइनल ईयर के विद्यार्थियों ने कुशलतापूर्वक किया। एड-मैड शो में बीबीए प्रथम सेमेस्टर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद में बीबीए द्वितीय वर्ष की आकृति ने तृतीय स्थान, बीबीए प्रथम सेमेस्टर की जन्नत डोगरा ने द्वितीय तथा बीबीए फाइनल ईयर के महेश वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विभाग को गौरवान्वित किया।कार्यक्रम में बीबीए विभाग की डॉ. शिवानी, प्रो. हितेश रतन, प्रो. पूनम, प्रो. गुलशन सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।