ऊना/दौलतपुर चौक। इंडियन एक्स सर्विसिज लीग ने केंद्र सरकार की ओर से जारी वन रैंक, वन पेंशन की अधिसूचना पर मिली जुली प्रतिक्रिया दी है। लीग के कई सदस्यों ने जहां इस पर खुशी जताई है तो कई सदस्य इससे निराश हैं। सोमवार को जिला मुख्यालय पर लीग की बैठक में केंद्र सरकार की इस अधिसूचना पर रोष जताया।
लीग का कहना है कि केंद्र सरकार ने संसद में मंजूर भाषा के अनुरूप वन रैंक, वन पेंशन की अधिसूचना जारी नहीं की है जो बेहद गंभीर विषय है। इस स्थिति में ओरआरओपी लागू होने से कई पूर्व सैनिक अपने जायज हक से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कड़े शब्दों में विरोध करते हुए दिल्ली में चल रहे धरने को पूरजोर समर्थन देने की बात कही है।
लीग ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार उनकी मांगों को अब भी अनदेखा करती है तो इसे राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन का रूप देकर हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर हुई लीग की बैठक की अध्यक्षता जिला इकाई के चेयरमैन कैप्टन शक्ति चंद ने की।
इस मौके पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह, डॉ. बलदेव डोगरा, पूर्व नौसैनिक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष ओपी शर्मा, पूर्व एयरफोर्स पर्सनल कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष हरीश शर्मा, लीग के सचिव स्वदेश प्रकाश शर्मा और सभी घटकों के कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की इस अधिसूचना से कई पूर्व सैनिक लाभ से वंचित रह जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र सेवाओं में प्री-मैच्योर रिटायरमेंट शब्द चलन में है, न कि वॉलंटरी रिटायरमेंट स्कीम का। ऐसे में केंद्र की यह अधिसूचना किसी भी रूप में मान्य नहीं है। सभी सदस्यों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन जारी रखने पर जोर दिया है। यह प्रदर्शन तब तक चलता रहेगा, जब तक कि केंद्र सरकार संसद में मंजूर वन रैंक, वन पेंशन को लागू न कर दे।
ओआरओपी की मांग पूरा करने पर आभार
दूसरी ओर, इंडियन एक्स सर्विसेज लीग हिमाचल, दौलतपुर चौक एवं अंब यूनिट-28 ने केंद्र सरकार की ओर से वन रैंक वन पैंशन की मांग को पूरा करने के निर्णय का स्वागत किया है। लीग के अध्यक्ष सूबेदार मेजर पूर्ण चंद शर्मा ने कहा कि सरकार ने वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा करके भारत के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों का सम्मान किया है। पिछले 40 साल से लंबी चल रही मांग को वन रैंक वन पेंशन की अधिसूचना लागू करने से पूर्व सैनिकों और वीर नारियों में खुशी की लहर है।
सरकार के छह माह के भीतर पेंशन रिव्यू और पांच संसदीय कमेटी का गठन करने के आश्वासन का भी स्वागत किया है। इस मौके पर कैप्टन नवीन, कैप्टन हरदीप, सूबेदार बलवंत सिंह, सूबेदार सतनाम सिंह, नायक बलवंत सिंह, नायक जगदीश, नायक सुरेंद्र तथा कैप्टन जगदेव सिंह ने केंद्र सरकार का आभार जताया है।