चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के लिए लाइन में खड़े श्रद्धालु।
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था कर दर्शन के लिए भेजा गया। चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद ही उनको मंदिर भेजा गया। रविवार को दो घंटे तक दर्शन पर्ची सिस्टम को बंद रखा गया। इससे मंदिर में श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ नहीं देखने को मिली। श्रद्धालु आधे घंटे से भी कम समय में दर्शन करके लौट रहे थे।
रविवार को मां के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। मंदिर ट्रस्ट के एसडीओ आरके जसवाल भी सारा दिन सारी व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आए। जसवाल ने बताया कि रविवार को मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग करके ही उन्हें दर्शन पर्ची दी गई। बिना मास्क के किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया गया। एसडीएम अंब मनीष यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा।