प्रशासनिक अधिकारियों ने करवाई निशानदेही
अंब (ऊना)। क्षेत्र के प्रतिष्ठित पिकनिक स्पाॅट पर अतिक्रमण के चलते कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रदेश उच्च न्यायालय के दिशानिर्देश के बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से निशानदेही ली गई। इसमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार को एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मुबारिकपुर-भरवाईं मार्ग स्थित पिकनिक स्पाॅट की निशानदेही करवाई। निशानदेही के दौरान पाया गया कि वहां पर पार्किंग एरिया और उसके लिए जाने वाले रास्ते पर ब्लाॅक लगवाए गए थे। इसमें काफी जगह प्रांतीय सरकार की थी। इसके साथ ही उसकी बिल्डिंग का कुछ भाग भी सरकारी भूमि पर ही बना पाया गया। इसके अलावा एनएच के किनारे अन्य दुकानदारों की तरफ से भी प्रांतीय सरकार की भूमि पर कब्जा पाया गया। निशानदेही के बाद मौके पर प्रांतीय सरकार की भूमि को चिह्नित किया गया और तुरंत जमीन को खाली किए जाने की कार्यवाही शुरू करवाई गई। इस मौके पर तहसीलदार प्रेमलाल धीमान, कानूनगो अच्छर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। एसडीएम सचिन शर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार भूमि की निशानदेही करवाई गई है। जिसके बाद अतिक्रमण को हटाए जाने की कार्रवाई की जा रही है।