थानाकलां (ऊना)। फोटोग्राफर एसोसिएशन हमीरपुर व ऊना इकाई के बंगाणा ब्लॉक की बैठक स्थानीय निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक में फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों की विभिन्न समस्याओं, आपसी तालमेल बढ़ाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्यातिथि के रूप में अनिल सोनी तथा विशेष अतिथि के रूप में दिनेश कुमार ने शिरकत की। वक्ताओं ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। ऐसे में सभी फोटोग्राफरों को नई तकनीक और आधुनिक उपकरणों की जानकारी हासिल करने के साथ-साथ एक दूसरे के अनुभवों को साझा करना चाहिए। बैठक में फोटो फेयर आयोजित करने तथा फोटो प्रदर्शनी लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने सुझाव दिया कि क्षेत्र के फोटोग्राफरों द्वारा खींची गई महत्वपूर्ण, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी तस्वीरों को प्रदर्शनी के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाए। इससे फोटोग्राफरों की प्रतिभा को मंच मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और सामाजिक गतिविधियों को भी पहचान मिलेगी।