रेलवे स्टेशन दौलतपुर चौक और चिंतपूर्णी मार्ग कुनेरन पर विद्युतीकरण की जांच करते रेलवे अधिकारी।
- फोटो : Una
दौलतपुर चौक (ऊना)। रेलवे टीम ने प्री इंस्पेक्शन ट्रायल के तहत अंब-दौलतपुर चौक रेल ट्रैक सहित चिंतपूर्णी मार्ग और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशनों पर जाकर विद्युतीकरण कार्यों की जांच की। जल्द अंब-दौलतपुर रेल ट्रैक पर इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ने की उम्मीद है।
इस मौके पर एडीआरएम अंबाला कर्ण सिंह ने बताया कि अंब-दौलतपुर चौक रेल ट्रैक का विद्युतीकरण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह रेलवे के उच्चाधिकारी निरीक्षण करके फिटनेस रिपोर्ट देंगे। फाइनल निरीक्षण से पूर्व यह प्री इंस्पेक्शन ट्रायल है। टीम ने सभी कार्यों को जांचा। इस कार्य की फिटनेस रिपोर्ट फाइनल इंस्पेक्शन में मिलते ही ट्रैक पर विद्युतीकृत रेलगाड़ियां चलनी शुरू हो जाएंगी। अभी तक अंब-दौलतपुर चौक रेल ट्रैक पर डीजल रेलगाड़ियां ही चल रही हैं।
चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 09717 जयपुर-दौलतपुर चौक और ट्रेन संख्या 04553 दिल्ली-दौलतपुर चौक स्पेशल ट्रेनों का ठहराव न होने संबंधी पूछे सवाल पर कर्णसिंह ने कहा कि जनता की मांग को रेलवे बोर्ड को अवगत करवाया गया है। इसका निर्णय बोर्ड ही लेगा। टीम में सीनियर डीईएन परितोष गौतम, सीनियर डीएसटीई वरुण शर्मा, सीई नटराज सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।