विधायक के गृह क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था राम भरोसे
तकनीकी खराबी आने पर रातभर बंद रहती है बिजली की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। अंब उपमंडल के विद्युत बोर्ड के उपमंडल नैहरी के पंजोआ सेक्शन में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। इस सेक्शन के तहत पंचायत कुठेड़ा खैरला, पंजोआ लडोली, बेहड़ जसवां और त्याई पंचायत के कुछ हिस्सों में कुल 55 ट्रांसफार्मरों की जिम्मेदारी मात्र दो कर्मचारियों पर है। इस कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
वर्तमान में पंजोआ सेक्शन में सिर्फ एक लाइनमैन और एक असिस्टेंट लाइनमैन तैनात है। जबकि बोर्ड के मानकों के अनुसार यहां कम से कम 12 कर्मचारियों की जरूरत है। इनमें तीन लाइनमैन, तीन असिस्टेंट लाइनमैन और छह टी-मेट शामिल हैं । बीती रात हुई बारिश के बाद पंजोआ सेक्शन में बिजली गुल हो गई। तकनीकी खराबी के कारण रातभर बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे ग्रामीणों को गर्मी और अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। लोगों में बिजली बोर्ड और प्रशासन के प्रति रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ दो कर्मचारियों से इतने बड़े क्षेत्र की व्यवस्था चलाना नामुमकिन है। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि जब विधायक के गृह क्षेत्र पंजोआ की यह स्थिति है तो अन्य क्षेत्रों की हालत क्या होगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गर्मी शुरू होते ही विभाग मेंटेनेंस के नाम पर घंटों की बिजली कटौती शुरू कर देता है जो सर्दियों तक चलती रहती है। इसके बावजूद रखरखाव का कार्य अधूरा ही रहता है और बार-बार बिजली बंद होने की घटनाएं सामने आती हैं।
इस मामले पर कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार ने कहा कि रविवार रात लाइन में बड़ा मेजर फॉल्ट आने से दिक्कत हुई है। टीम समस्या को ठीक करने में जुटी हुई है। अधिशासी अभियंता पुनीत कुमार ने भी कर्मचारियों की भारी कमी को स्वीकार करते हुए कहा कि हमारे कई सेक्शन में स्टाफ की भारी कमी है। सरकार से कर्मचारियों की जल्द भर्ती की मांग की है ताकि बिजली व्यवस्था को सामान्य रखा जा सके।