ऊना। बुधवार शाम को मौसम खराब होने के बाद कई क्षेत्रों में करीब दस घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेखुबेला, हमीरपुर मार्ग सहित अन्य इलाकों में देर रात से लेकर सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। लंबे समय तक बिजली बंद रहने के कारण लोगों को गर्मी में रात बितानी पड़ी। वहीं, बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद पेखुबेला, झोड़ोवाल, हमीरपुर मार्ग, अपर अरनियाला तथा आसपास के कई क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। बिजली बंद होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद हो गए जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोगों ने रात के समय बिजली बोर्ड के शिकायत केंद्रों में संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। बता दें कि देर रात तक रक्कड़ स्थित सब स्टेशन की लाइन में दिक्कत आने के चलते बिजली बोर्ड के कर्मचारी लाइन ठीक करने में लगे रहे लेकिन समस्या का हल नहीं हो सका। इस दौरान वीरवार सुबह सात बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल हुई। स्थानीय लोगों में प्रेम पाल, मनोहर लाल, रवि कुमार, प्रीतपाल सिंह, मीना कुमारी, ललित कुमार आदि ने बताया कि बुधवार देर शाम मौसम खराब होने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पूरी रात बिजली न आने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाते हुए कहा कि जब बिजली बोर्ड की तरफ से समय समय मरम्मत कार्य का हवाला देते हुए बिजली कट लगाए जाते हैं लेकिन हल्की बारिश होने पर भी बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। इसे लेकर बोर्ड को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
बुधवार रात को पेखुबेला और अन्य क्षेत्रों में बिजली लाइन में दिक्कत के चलते आपूर्ति सुबह तक बंद रही। लाइन की मरम्मत के बाद आपूर्ति सुचारु की गई।
-यशविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड ऊना