लठियाणी (ऊना)। उपमंडल बंगाणा में बिजली बोर्ड द्वारा लगाए गए निजी कंपनी के हाईटेक मीटरों ने क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं के होश उड़ा दिए हैं।
इन मीटरों में चल रही भारी गड़बड़ी से उपभोक्ता परेशान हैं।
हालात यह है कि विद्युत बोर्ड की ओर से लगाए निजी कंपनी के ज्यादातर मीटरों में रीडिंग ही नहीं चल रही है तो कहीं बिना बिजली जलाए ही मीटर घूम रहा है। इससे ऐसे में कई उपभोक्ताओं को बिजली बोर्ड की ओर से हजारों के हिसाब से बिल थमा दिए गए हैं।
शिकायत के बाद बोर्ड ने कई उपभोक्ताओं के मीटर भी बदले, लेकिन अभी हालत नहीं सुधरे हैं। उपमंडल बंगाणा में लगभग 400 के अधिक ऐसे मीटर खराब होने की वजह से उपभोक्ता परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि जहां कुछ मीटर बोर्ड द्वारा बदले गए हैं, उनका फिर से वही हाल हो गया है। उधर, उपभोक्ताओं में खनन मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र हटली, भान चंद, कश्मीर सिंह, राज कुमार, अमन दीप, प्रेमदास, अर्जुन सिंह, राजेश कुमार, किशन चंद, रोशनी देवी, उषा देवी, कांता देवी, पवना कुमारी, निशा शर्मा, उमा भारती, ओम प्रकाश, कमलजीत, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, साहिल पुरी, अमर दास, किशन चंद, सरोज कुमारी, मीरा देवी, सुलोचना देवी, उमा ठाकुर, सरोज बाला, कमल सिंह व राम प्रकाश आदि ने कहा है कि विद्युत बोर्ड द्वारा उनके घरों में जो मीटर लगाए हैं, वे सही रीडिंग नहीं दे रहे हैं। इसके चलते उन्हें हजारों रुपये बिजली के बिल दिए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिक बिजली बिल के बारे कार्यालय में जाकर कई चक्कर काटने के बाद पता चलता है कि आपका मीटर सही नहीं है।
ऐसे में उपभोक्ताओं को बोर्ड के अधिकारियों की ओर से औसत बिल डालकर भारी भरकम राशि के बिल देने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को पिछले चार-पांच माह से लगातार इस समस्या से परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने विद्युत बोर्ड को चेतावनी दी है कि यदि उनके घरों में लगे मीटर अगला बिल आने तक बदले नहीं जाते तो बोर्ड की ओर से दिए गए बिलों की अदायगी न करके बोर्ड व प्रशासन के प्रति उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं इस मामले को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एवं विद्युत मंत्री सुजान सिंह पठानिया से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी।
दोबारा बिल तैयार करने के दिए हैं निर्देश : एसडीओ
एसडीओ बंगाणा एलआर शर्मा का कहना है कि उपभोक्ताओं के बिलों का सही न आना बड़ी समस्या है। जैसे ही मामला उनके ध्यान में आया है, उन्होंने बैसे ही उस सर्कल के जेई को सही व सुनिश्चित ढंग से दोबारा बिल बनाने के आदेश पारित कर दिए हैं।
उच्चधिकारियों को भेजी रिपोर्ट : एक्सईएन
एक्सईएन विद्युत मंडल ऊना अश्वनी शर्मा का कहना है कि इस कंपनी के मीटरों की रीडिंग सही न होने के कारण विद्युत उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है, जिससे इस कंपनी के मीटर दोबारा न खरीदे जाएं।