सी-विजिल एप पर शिकायत मिलते ही हरकत में आया उड़नदस्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में हो रहे उपचुनाव के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से चुनाव आयोग के उड़नदस्ता टीम की कसरत बढ़ गई है। मंगलवार को किसी ने सी-विजिल एप पर गगरेट क्षेत्र के नकड़ोह गांव में काॅपियां वितरित कर युवा मतदाताओं को प्रभावित करने की शिकायत चुनाव आयोग से की। इस पर चुनाव आयोग के उड़नदस्ते ने नकड़ोह गांव में एक घर में दबिश देकर घर में रखी हुई 203 काॅपियां जब्त की हैं। हालांकि ये कापियां किसी राजनीतिक दल की ओर से वितरित की जा रही थीं, ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को सी-विजिल एप पर चुनाव आयोग को शिकायत मिली कि नकड़ोह गांव में एक घर में काॅपियां लाकर रखी गई हैं, ताकि इन्हें चुनाव के दौरान वितरित कर चुनाव को प्रभावित किया जा सके। शिकायत मिलते ही चुनाव आयोग का उड़नदस्ता हरकत में आया और तत्काल उस घर पर दबिश दी गई। उस घर से उड़नदस्ते को 203 काॅपियां बरामद हुईं। हालांकि जिस घर से काॅपियां मिलीं, वहां के मुखिया ने बताया कि वह स्वयं ही काॅपियों को विद्यार्थियों में वितरित करता है। उड़नदस्ते को ऐसे कोई सबूत नहीं मिले, जिससे यह साबित हो कि ये काॅपियां किसी राजनीतिक दल द्वारा वितरित की जा रही थीं। इसके बावजूद उड़नदस्ते ने जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने तक काॅपियां जब्त कर लीं। उधर एआरओ एवं एसडीएम सौमिल गौतम ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।