टाहलीवाल (ऊना)। ढिलवां में आरएस स्टोन क्रशर कार्यालय से 20 लाख रुपये की चोरी के मामले में रविवार को पुलिस ने जांच की। पुलिस ने रविवार को आठ लोगों को पूछताछ के लिए थाना में तलब कर बयान दर्ज किए। क्रशर के ऑफिस में काम करने वाले चार लोग शक के घेरे में पाए गए हैं, जिनसे पुलिस गहनता से पूछताछ करने में जुट गई है। जांच में जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश होगा।
गौर रहे कि ढिलवां के आरएस स्टोन क्रशर कार्यालय में लगभग 20 लाख रुपये की चोरी की घटना घटित हुई है। मामला हरोली पुलिस थाना के अधिकार क्षेत्र का है। चोरी की घटना का पता उस वक्त चला जब संस्थान के लेखाकार निर्मल सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। निर्मल सिंह के अनुसार वे चार मई को सुबह लगभग 8:35 बजे अपने कार्यस्थल पर पहुंचे तो मुख्य द्वार और कार्यालय का पहला दरवाजा खुला था।
बाद में जांच करने पर पता चला कि लकड़ी की अलमारी में रखे गए तीन नकदी से भरे बैग, जिनमें कुल 20 लाख रुपये थे, जो सभी 500 के नोट में थे, गायब थे। प्रारंभिक जांच में तीन कर्मचारियों को ही केंद्र में रखा गया है। यह तीनों चाबियों और पैसों तक पहुंच रखने वाले अंतिम लोग थे। हालांकि उन्होंने चोरी की जानकारी से इन्कार किया है। उनकी पहुंच और पिछले दिन कार्यालय में मौजूदगी के कारण उनकी संलिप्तता पर शक किया जा रहा है।
एसएचओ सुनील संख्यान का कहना है कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस में आईपीसी की धारा 406 के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।