ऊना। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नागरिक अस्पताल अंब में ऑपरेशन थियेटर (ओटी) सुविधा शुरू करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। लंबे समय से इस सुविधा के अभाव में मरीजों को छोटी-बड़ी सर्जरी के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना या अन्य बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। विभाग की तरफ से अस्पताल में सर्जन व एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती कर दी गई है। इसके बाद अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर स्थापित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान में अस्पताल में केवल माइनर ओटी ही संचालित है, जहां मामूली चोट, टांके लगाना और छोटा उपचार ही संभव है। गंभीर सर्जरी या जटिल मामलों के लिए मरीजों को रेफर करना मजबूरी बना हुआ है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में पूर्ण रूप से सुसज्जित ओटी शुरू करने के लिए जरूरी संसाधनों को जुटाने का काम तेज कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। अंब अस्पताल में ओटी सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें इलाज के लिए ऊना व निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा।
नागरिक अस्पताल अंब में ओटी स्थापित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसे लेकर उच्च अधिकारियों के समक्ष मांग उठाई है। उम्मीद है कि ओटी स्थापित करने के लिए जल्द कार्य शुरू होगा।
-डॉ. राहुल कतना, कार्यकारी स्वास्थ्य खंड अधिकारी अंब