बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की एक महिला की जहरीला पदार्थ खा लेने से हुई मौत मामले में पुलिस ने मृतका के ससुर, जेठ व देवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक महिला के मायका पक्ष की शिकायत पर उसके ससुर, जेठ व देवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।
तीनों आरोपियों को सोमवार को ऊना कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। बुधवार को दोबारा इन लोगों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, सोमवार को मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि बंगाणा क्षेत्र में बीते दिनों एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खा लेने से पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के मायका पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को उसका ससुर, जेठ व देवर प्रताड़ित करते थे। इस कारण उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि महिला पक्ष के परिजनों की शिकायत पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।