नारी/बंगाणा(ऊना)। 10वीं और जमा दो की टर्म एक परीक्षा में उड़नदस्तों ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सोमवार को उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा देवेंद्र चंदेल की अध्यक्षता में बनी टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुसाड़ा, दियाड़ा, चौकीमन्यार, बेहड़ जस्वां, नैहरियां तथा एसबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैहरियां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी विद्यालयों में परीक्षाओं को लेकर की गई व्यवस्थाएं सही पाई गईं।
बता दें कि परीक्षाओं के दौरान नकल को रोकने के लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की तरफ से सीसीटीवी कैमरों के अलावा औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। परीक्षाओं में धर्मशाला से ही सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष से भी बोर्ड सचिव सहित अन्य अधिकारी नजर रख रहे हैं। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जा रही है।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा देवेंद्र चंदेल ने बताया कि उड़नदस्ते की टीम ने विभिन्न विद्यालयों में जाकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को परीक्षाओं को लेकर उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के डॉ सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जबकि उड़नदस्तों की टीमों का भी गठन किया गया है।