गगरेट (ऊना)। नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए गगरेट पुलिस ने एक युवक को भुक्की सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात्रि लगभग साढ़े दस बजे जब टीम गश्त के लिए जा रही थी तो गगरेट-दौलतपुर मार्ग पर खड्ड में पैदल आ रहा युवक भागकर झाड़ियों में छिप गया व हाथ में पकड़ा लिफाफा भी फेंक दिया। लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से 286 ग्राम भुक्की बरामद हुई। मौके से भाग रहे युवक को पुलिस ने पकड़ कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मेटियाणा जिला होशियारपुर पंजाब निवासी गुरमेज सिंह (30) के खिलाफ नशा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी ऊना अर्जित सेन ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी से नशे की खेप को लेकर पूछताछ की जा रही है।