ऊना-शिमला रूट पर यात्री की शिकायत मिलने के बाद प्रबंधन ने जारी किए निर्देश
क्रॉसर
सोलन के यात्री ने करवाई थी चालक-परिचालक के खिलाफ शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। लंबे और ग्रामीण रूटों पर सवारियों को बस स्टॉप पर उतारने को लेकर चालक-परिचालक मनमानी कर रहे हैं। टिकट काटने के बावजूद यात्री को बस स्टॉप पर नहीं उतारने की हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना डिपो को शिकायत मिली है। शिकायत मिलने के बाद उपमंडलीय प्रबंधक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी चालक-परिचालकों को बस स्टॉप पर सवारियों को उतारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि अगर चालक-परिचालक आदेशों की अवहेलना करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर जाएगी। सोलन जिला निवासी रंधीर सिंह ने 27 अक्तूबर को बस अड्डा ऊना में फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई कि ऊना-शिमला बस में उनकी पत्नी रोजाना सोलन से किआरी बंगला स्टेशन के लिए सफर करती है।
बार-बार आग्रह करने के बावजूद चालक-परिचालक उन्हें आरी बंगला स्टेशन पर नहीं उतारते हैं जो कि वाकनाघाट से डेढ़ किलोमीटर पीछे हैं। जबकि पत्नी सोलन से वाकनाघाट की टिकट लेती है। इसी के चक्कर में अब पत्नी उक्त बस में सफर नहीं कर रही है। चालक-परिचालक के इस तरह के व्यवहार के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिला यात्री के साथ सही व्यवहार न किए जाने से निगम को न केवल वित्तीय हानि उठानी पड़ रही है बल्कि निगम की छवि भी धूमिल हो रही है।
उन्होंने बस अड्डा प्रभारी से ऊना-शिमला बस सेवा पर नियुक्त चालक-परिचालकों को दिशा निर्देश जारी करने की मांग की थी। साथ ही चालक सुनील दत्त को तुरंत प्रभाव से इस रूट से हटाकर अन्य रूट पर नियुक्त करने को कहा था। मामला उपमंडलीय प्रबंधक सुरेश धीमान के ध्यान में आने के बाद उन्होंने अड्डा प्रभारी को ऊना-शिमला रूटीन पर नियुक्त परिचालकों को रूट में दर्ज स्टॉप के आधार पर टिकट जारी करने और तय स्टॉप पर उतारने के निर्देश दिए हैं। यह भी आदेश दिए कि सभी चालक-परिचालक बस स्टॉपेज पर ही सवारियों को उतारें। यदि कोई भी शिकायत कार्यालय में प्राप्त होगी तो दोषी चालक व परिचालक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।