प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा अर्चना करवाने वाले पंडितों ने ड्रेस कोड पर अमल करना शुरू कर दिया है। अब मंदिर के गर्भ गृह और प्रांगण में पुजारी धोती पहनकर श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करवा रहे हैं। मामले की पुष्टि मंदिर अधिकारी सरोज कुमारी ने की है।
गौर हो कि गत रोज पहले अमर उजाला ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था कि चिंतपूर्णी के पुजारी बिना धोती पहने मंदिर में श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करवा रहे हैं वहीं, जुराबें पहनकर गर्भ गृह में प्रवेश करते हैं। समाचार प्रकाशित होने के बाद चिंतपूर्णी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा ने इस पर कड़ा संज्ञान लेकर मंदिर में पूजा कार्य करने वाले सभी पंडितों के साथ एक बैठक की तथा सभी पुजारियों को जिला प्रशासन के नियमों को सख्ती से पालन करने के दिशा निर्देश दिए।
बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा ने बताया कि भविष्य में सभी पुजारी जिला प्रशासन के नियमों की पालना करेंगे। उन्होंने बताया कि अगर पुजारी नियमों की अवहेलना करता पकड़ा गया तो बारीदार सभा उक्त व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाएगी। उधर मंदिर अधिकारी सरोज कुमारी ने बताया कि मंदिर में काम करने वाले पुजारियों को सख्ती से आदेश पालन करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।