ऊना। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वैक्सीन शॉट संबंधी संदेशों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
कई लोग स्वास्थ्य संस्थानों में फोन कर जानकारी ले रहे हैं कि क्या स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई विशेष वैक्सीन उपलब्ध करवाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई विशेष वैक्सीन शॉट संबंधी सूचना जारी नहीं की गई है।
लोगों से अपुष्ट संदेशों पर भरोसा न करने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय से पहले चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. एसके वर्मा ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन इसके लक्षणों को नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यकतानुसार संदिग्ध मरीजों की जांच व उपचार की व्यवस्था की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की प्रमाणिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए।
लक्षण दिखें तो खुद दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से करें संपर्क
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार स्वाइन फ्लू इन्फ्लुएंजा वायरस से होने वाला संक्रमण है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और कमजोरी शामिल हैं। कुछ मामलों में संक्रमण गंभीर होने पर सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।