ऊना। जिलाभर में दीपों का त्योहार दिवाली धूमधाम से मनाया गया। शनिवार को दिनभर लोगों ने जमकर बाजारों में खरीदारी की और अपने सगे संबंधियों को मिठाइयां बांटकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही पटाखे एवं मिठाइयों की दुकानों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। रात होते ही लोगों ने लक्ष्मी माता की पूजा-अर्चना करने के उपरांत आतिशबाजी का आनंद उठाया। देर रात फुलझड़ियां, पटाखे चलाने का दौर चलता रहा। आसमान में पटाखों के रंग-बिरंगे सितारे चमक रहे थे। युवाओं में भी दिवाली त्योहार को लेकर काफी उत्साह देखा गया। युवाओं ने सोशल मीडिया का खूब प्रयोग किया। दिनभर व्हाट्सएप एवं फेसबुक के जरिए शुभकामनाओं का आदान-प्रदान चलता रहा। स्थानीय लोगों में चेतन, अतुल, निखिल, कमल, प्रिंस, दिनेश कुमार, सतीश, मोहित, विवेक, रोहित, विकास आदि ने बताया कि परिवार संग धूमधाम से दिवाली का त्योहार मनाया। उन्होंने कहा कि दिवाली ही एक ऐसा त्योहार है, जिस दिन सब परिवार के सदस्य अपने घरों में इकट्ठे होते हैं। अन्यथा इस भाग दौड़ में किसी को समय कहां, हर कोई अपने काम में व्यस्त रहता है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर्व पर उन्होंने आतिशबाजी का खूब आनंद उठाया।