अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब की दो छात्राओं ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की वाणिज्य स्नातक (बीकॉम) तृतीय वर्ष की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान बनाया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा मंगलवार शाम को घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में गगरेट निवासी छात्रा दिव्या सूद ने मेरिट सूची में छठा स्थान हासिल किया है जबकि घनारी निवासी छात्रा अंकिता ने आठवां स्थान प्राप्त कर कॉलेज और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य दर्शन कुमार ने बुधवार को दोनों होनहार छात्राओं को उनके परिजनों के साथ महाविद्यालय में मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। कॉलेज की ओर से दोनों को 6,100-6,100 रुपये का नकद प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया।