विधायक विवेक शर्मा का डियाना में स्वागत करते ग्रामीण। संवाद
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने जंडियाना में सड़क शिलान्यास के बाद पीपलू में बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में 1993 से लगातार भाजपा राज करती रही, लेकिन अगर कुटलैहड़ की जनता की दयनीय हालत को देखें, तो कुटलैहड़ में आज भी सैकड़ों परिवार सड़क सुविधा से वंचित हैं।
पीपलू गांव की बैठक में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जिला स्तरीय पीपलू मेले में हमने कहा था कि अगली बार पीपलू में मैदान बनाकर उस मैदान में जिला स्तरीय पीपलू मेला होगा। इसके लिए भूमि चयनित कर उसकी डीपीआर तैयार करने की ओर बढ़ रहे हैं। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ के युवाओं को घर द्वार रोजगार देने के लिए हमने जोगी पंगा में 300 कनाल भूमि जो सरकारी है, उसे ओद्योगिक के लिए चयनित किया है। सोलह सिंगी धार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करके जब उक्त सड़क का चौड़ीकरण होगा। उक्त सड़क पर आवाजाही बढ़ेगी, तो सोलह सिंगी धार के युवा भी स्वरोजगार से जुड़ेंगे।
वित्तीय स्थिति खराब होती तो ओपीएस न मिलती
विवेक शर्मा ने कहा कि अगर सरकार की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं होती, तो राज्य सरकार न तो पुरानी पेंशन योजना लागू कर पाती और न ही आपदा में बेघर हुए परिवारों को आर्थिक सहायता दे पाती। शर्मा ने कहा कि यह भाजपा द्वारा जनता को भड़काने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर राज्य कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, स्थानीय प्रधान महिंद्र सिंह, प्रधान सुनील कुमार, पूर्व प्रधान विपिन शर्मा, गुलामदीन, योगराज, धर्म चंद, नंद लाल वर्मा, निर्मला देवी, पुष्पलता के अलावा दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।