14 जनवरी तक मांगे आवेदन, ज़िला ऊना के ही होंगे पात्र
प्रथम विजेता को मिलेगी 11000 हजार की इनाम राशि
विजेता प्रतिभागी का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय ज़िला भाषा अधिकारी ऊना की ओर से भारत रत्न स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर की स्मृति में ज़िला स्तरीय लोक संगीत प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 14 जनवरी, 2025 तक कार्यालय ज़िला भाषा अधिकारी ऊना की ई-मेल dlouna76gmail.com पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ज़िला भाषा अधिकारी ऊना नीलम चंदेल ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 17 जनवरी को करवाया जाना प्रस्तावित है। विजेता प्रतिभागी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। निर्धारित मानक विशुद्ध लोक संगीत प्रतियोगिता में गायक, गायिका को ज़िला ऊना में प्रचलित पारंपरिक लोकगीत में वीरगीत, देव स्तुति, ऋतु गीत, फसल कटाई, प्रेम, व्यथा, श्रम, मेले के गीत समेत अन्य गीतों का गायन करना होगा। विशुद्ध लोक संगीत श्रेणी में क्रमशः 16 वर्ष से कम और 16 वर्ष से ऊपर महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रतियोगिता होगी। इसी प्रकार समकालीन और आधुनिकता लिए विलयात्मक लोक संगीत की श्रेणी में ऐसे लोकगीत का समावेश होना चाहिए जिसमें ज़िला ऊना के परंपरागत लोक संगीत के साथ आधुनिक लोक संगीत का विलय हो। यह प्रतियोगिता भी दो श्रेणियों में होगी।
बाक्स
दोनों प्रतियोगिताएं के लिए केवल ज़िला ऊना के स्थाई निवासी ही पात्र होंगे। गायन की अवधि 3 से 5 मिनट रहेगी। एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकेगा। विजेता प्रतिभागी को 11000 रुपये की इनाम राशि प्रदान की जाएगी। किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा पारिश्रमिक देय नहीं होगा। आयु सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। निर्णायक मंडल द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।