बंगाणा (ऊना)। हैमरबाल एसोसिएशन की बैठक बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार धीमान की अध्यक्षता में बंगाणा के एक निजी होटल में हुई। बैठक में जयपुर में आयोजित होने वाली तृतीय जूनियर नेशनल हैमरबाल चैंपियनशिप को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेशाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की मजबूत और प्रतिभाशाली टीम तैयार की जाएगी। टीम चयन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सुमित शर्मा और पूर्ण शर्मा को अधिकृत किया गया है। दोनों चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन, प्रतिभा और खेल क्षमता के आधार पर टीम का चयन करेंगे। बैठक में निर्णय लिया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश की टीम की घोषणा जल्द की जाएगी, ताकि चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आवश्यक तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। बैठक में टीम के प्रबंधन और खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष सुशील कुमार को सौंपी गई।