क्षेत्रवासियों ने उठाई सरकार से जनहित के लिए मांग
बोले-बसें बदलकर जाने से होती समय और पैसे की बर्बादी
ग्रामीणों की मांग पर आला अधिकारियों को भेजा प्रस्ताव : सुरेश धीमान
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। क्षेत्र के ग्रामीणों ने बंगाणा से धर्मशाला के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस सेवा से खासतौर पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला जाने वाले छात्रों को लाभ मिलेगा। साथ ही नादौन, कांगड़ा और अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। बालकृष्ण डोगरा, जीत कुमार, हंसराज, सुशील कुमार, सुमित सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार से इस मांग को पूरा करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि वर्तमान में धर्मशाला पहुंचने के लिए यात्रियों को कई बसें बदलनी पड़ती हैं। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। ग्रामीणों ने तर्क दिया कि यदि बंगाणा से सीधी बस सेवा शुरू की जाती है तो न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के अन्य कस्बों के यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। स्थानीय लोगों ने इस मांग को परिवहन विभाग तक पहुंचाने और जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई करने की उम्मीद जताई है। डीडीएम सुरेश धीमान का कहना है कि क्षेत्र की जनता की ओर से मांग आई है। निगम के आला अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही निर्देश आएंगे, जनहित के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।