पुलिस मामले से जुड़े और सबूत जुटा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के कोलका गांव में महिला हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका दिनेश्वरी देवी की हत्या उसके पति दिनेश ने रात 10 बजे ही कर दी। उसके बाद घर में रातभर छिपा रहा। तड़के मौका मिलते ही आरोपी पति फरार हो गया। जानकारी के अनुसार आरोपी पति दिनेश को बंगाणा पुलिस की ओर से चार दिन की रिमांड के बाद शुरुआती जांच में पता चला कि दिनेश ने अपनी पत्नी दिनेश्वरी देवी की हत्या रात करीब 10 बजे ही कर दी। उसने गला घोंटकर पत्नी की जान ले ली और फिर अपने मकान के पास ही छिपकर बैठा रहा। रातभर वह मौके से नहीं हिला, ताकि किसी को उस पर शक न हो। लेकिन, सुबह होते ही वह गांव छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए, जो आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत साबित हो सकते हैं। पुलिस की टीम तकनीकी और फॉरेंसिक जांच में भी जुटी हुई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है, ताकि उसके भागने की योजना और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि इस मामले में अभी और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। कहा कि बंगाणा पुलिस की टीम इस मामले में गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत इकट्ठे किए जा रहे।