ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में आपातकाल वार्ड के स्थान पर डायलिसिस वार्ड को शिफ्ट किया जाएगा। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन से योजना तैयार कर ली है। आपातकाल वार्ड को क्रिटिकल केयर ब्लॉक में शिफ्ट करने के बाद इस प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
इससे डायलिसिस करवाने के लिए आने वाले मरीजों को अस्पताल की तीसरी मंजिल पर जाने से छुटकारा मिल जाएगा। क्षेत्रीय अस्पताल में डायलिसिस के लिए आने वाले मरीजों को आगामी समय में तीसरी मंजिल पर जाकर डायलिसिस नहीं करवाना पड़ेगा। अस्पताल में अब धरातल तल पर ही जल्द डायलिसिस वार्ड को शिफ्ट किया जाएगा। बता दें कि अस्पताल में पीपीपी मोड पर डायलिसिस यूनिट चल रहा है। इस वार्ड को काफी समय से धरातल तल पर शिफ्ट करने के लिए मांग उठाई जा चुकी है। इस पर अब अस्पताल प्रबंधन ने काम करना शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय अस्पताल में अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहे डायलिसिस यूनिट में दस मशीनों की मदद से मरीजों को डायलिसिस का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा रोगियों को बैठने के लिए बेंचों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। वहीं, अस्पताल में तीन नए स्पेशल वार्ड के कमरे रोगियों के लिए तैयार किए जाएंगे।
कॉट्स
क्षेत्रीय अस्पताल में आपातकाल वार्ड के स्थान पर डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की योजना है। वर्तमान में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का काम तेजी से चल रहा है। आपातकाल वार्ड को इस नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद डायलिसिस यूनिट को शिफ्ट कर दिया जाएगा।
डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, ऊना