बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत जसाना स्थित देवराज राणा मेमोरियल स्टेडियम लखरूह में ‘साई अस्मिता खेलो इंडिया एम्पावरिंग वूमेन थ्रू वॉलीबाल सिटी लीग’ के अंतर्गत जिला स्तरीय महिला वॉलीबाल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को खेल के माध्यम से सशक्त बनाना तथा वॉलीबाल में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को खेले मुकाबलों में धर्मपुर और कोटलाकलां ए टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में लठियाणी, धर्मपुर, कोटलाकलां ए और कोटलाकलां बी टीमें पहुंच चुकी हैं। अब इन चारों टीमों के बीच फाइनल में पहुंचने के लिए कड़ा मुकाबला होगा।
इस प्रतियोगिता में जिला ऊना की कुल 14 महिला टीमें भाग ले रही हैं। हिमाचल प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव मदन राणा और जिला ऊना वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को खेल से जोड़ने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।