मैड़ी मेले को लेकर मुस्तैद पुलिस जवान। हालांकि श्रद्धालुओं की आमद बेहद कम है।
- फोटो : Una
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी होली मेला क्षेत्र मंगलवार को पूरी तरह से खाली दिखा। मेले के लिए आने वाले इक्का-दुक्का श्रद्धालुओं में से कोविड 19 निगेटिव रिपोर्ट न लाने वालों को नैहरियां, ज्वार, नलोह और अन्य नाकों से सुरक्षाकर्मियों ने लौटा दिया।
हिमाचल प्रदेश में 23 मार्च से मेलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसकी गाइडलाइन का पालन करवाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सख्त दिखा। बसों में आ रहे श्रद्धालुओं से कोविड 19 निगेटिव रिपोर्ट साथ न लाने वालों को भी मेला क्षेत्र में प्रवेश वर्जित कर दिया गया। पंजाब तथा दूसरे राज्यों से मेले के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या आम दिनों में आने वाले श्रद्धालुओं से भी काफी कम रही। मेले में रविवार और सोमवार को भी श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ही कम रही थी। स्थानीय लोगों को भी पूछताछ के बाद मेला क्षेत्र में प्रवेश दिया गया। इसके चलते डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, चरणगंगा, कुज्जासर, मंदिर वीर नाहर सिंह जी सहित क्षेत्र में स्थित कई धार्मिक स्थल और सराय पूरी तरह से खाली दिखे।
नैहरियां में बसों से उतरने वाले श्रद्धालुओं के इंतजार में खड़े टैक्सी चालक संजू, सुल्तान ने बताया कि मेला न होने के कारण उनको भी निराशा ही हाथ लगी। डीएसपी अंब सृष्टि पांडे ने बताया कि सरकार की गाइडलाइन्स के मुताबिक प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।