स्थानीय लोगों ने उठाई व्यवस्था में सुधार करने की मांग
मां चिंतपूर्णी मंदिर में जल्द प्रस्तावित है विस्तारीकरण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाई (ऊना)। प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को बारिश के बीच लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। बारिश के दौरान श्रद्धालु भीगते हुए लाइनों में खड़े नजर आए, जबकि उन्हें बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त छायादार शेड या अन्य पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
धूप, बारिश और सर्दी हर मौसम में श्रद्धालुओं को खुले में ही कतारों में खड़ा होना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मां चिंतपूर्णी मंदिर हिमाचल प्रदेश के सबसे अधिक चढ़ावे वाले मंदिरों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों में बिहारी लाल, चमन लाल, हीरा सिंह, रोशन लाल का कहना है कि वर्षों से व्यवस्थाओं में ज्यादा सुधार देखने को नहीं मिला है।
हालांकि मंदिर के विस्तारीकरण की योजना भी प्रस्तावित है। अगर मंदिर के विस्तारीकरण का कार्य जल्द शुरू हो जाता है तो एक बड़े कैंपस का निर्माण किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु रेलिंग के माध्यम से अंदर ही घूमते हुए व्यवस्थित तरीके से दर्शन के लिए आगे बढ़ सकेंगे। यह व्यवस्था लागू होने के बाद धूप, बारिश और भीड़ की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।