नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, प्रशासन नहीं कर रहा कोई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। धार्मिक स्थलों की आस्था के चलते उमड़ रही भीड़ के बीच कई श्रद्धालु अपनी जान जोखिम में डालकर मालवाहक वाहनों से यात्रा कर रहे हैं। इन वाहनों में बैठकर सफर करना गैरकानूनी है। यह सफर जानलेवा भी है। बावजूद इसके श्रद्धालु बिना किसी रोकटोक के खुलेआम इन वाहनों में सफर कर रहे हैं। कई जगहों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर में यात्रियों को भरकर धार्मिक स्थलों तक पहुंच रहे हैं। इनमें न तो किसी तरह की सुरक्षा होती है, न ही यात्रियों की गिनती का कोई रिकॉर्ड। यह सब कुछ प्रशासन की आंखों के सामने हो रहा है, मगर जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर किए जा रहे बड़े-बड़े दावे महज कागज़ों तक ही सीमित हैं। न तो चेकिंग की कोई व्यवस्था है और न ही इन वाहनों पर कोई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल इस तरह की लापरवाही सामने आती हैं। लेकिन, प्रशासन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाता। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसमें कई लोगों की जान गई है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया का कहना है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस नियमित तौर पर कार्रवाई कर रही है। मालवाहक वाहनों में सवारियां ले जाना नियमों के तहत गलत है। जहां पर भी ऐसा हो रहा है। पुलिस जगह-जगह पर नाके लगाकर चालान कर रही है।